बागी हुए भाजपा नेता सतीश गड़ाना
सिकंदराबाद। टिकट न मिलने से नाराज दावेदारों के बगावती सुर उभरने लगे हैं। भाजपा नेता एवं किसान मोर्चा के पूर्व क्षेत्रीय मंत्री सतीश गड़ाना ने पार्टी से बगावत कर दी है। अब वह निर्दलीय चुनावी मैदान में ताल ठोकने की तैयारी में हैं। सतीश गड़ाना ने बताया कि उन्होंने छात्र जीवन से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत की थी। सक्रिय कार्यकर्ता होने और पार्टी द्वारा सौंपे गए दायित्वों का इमानदारी के साथ निर्वहन करने के चलते विधानसभा से टिकट के लिए दावेदारी की थी। मगर पार्टी ने उनकी उपेक्षा करते हुए अन्य को टिकट दे दिया। पार्टी के निर्णय से वह आहत है। बताया कि रविवार को क्षेत्र के समाज के लोगों ने गांव में पंचायत की और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उन्हें चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया गया। बताया कि समाज के लोगों की भावना का सम्मान करते हुए वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। जल्द ही वह नामांकन करेंगे।