भाकियू कार्यकर्ताओं का धरना समाप्त, महापंचायत निरस्त
अनूपशहर। मंडी परिसर में पिछले पांच दिन से चल रहा भाकियू कार्यकर्ताओं का धरना शनिवार शाम समाप्त हो गया। भाकियू कार्यकर्ताओं की मांगों का समाधान और कार्रवाई न होने पर कार्यकर्ताओं ने रविवार को महापंचायत के साथ सरकार का पुतला फूंकने का एलान किया था। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मदनपाल सिंह ने बताया कि फर्जी बांडों, समय से पर्ची न आने तथा गन्ने के भुगतान तथा पर्चियों के फर्जीवाड़े को लेकर किसानों का धरना चल रहा था। शनिवार शाम चीनी मिल के जीएम वैभव मिश्रा और एसडीएम वीके गुप्ता किसानों से धरना स्थल पर वार्ता करने पहुंचे। जीएम वैभव मिश्रा द्वारा पर्ची में फजीवाड़े को लेकर पांच लोगों के खिलाफ जहांगीराबाद कोतवाली में एफआइआर दर्ज कराने और तीन कर्मियों को बर्खास्त किए जाने का आश्वासन दिया गया। भाकियू नेता प्रमोद भगत ने बताया कि जीएम द्वारा आश्वासन मिलने पर धरने को समाप्त कर दिया गया। धरना समाप्त होने से रविवार को होने वाली महापंचायत और पुतला फुंकने का कार्यक्रम निरस्त कर दिया है। इस दौरान प्रेमपाल सिंह, प्रमोद चौधरी, मोंटो चौधर, सेंसरपाल सिंह, वीरेंद्र डायरेक्टर आदि मौजूद रहे।