देह व्यापार प्रकरण: चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर, दो सिपाही निलंबित
बुलंदशहर। अनूपशहर थाना क्षेत्र के एक होटल में देह व्यापार होने के मामले में कस्बा चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही दो सिपाहियों की संलिप्तता पाए जाने पर उन पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। डिबाई मार्ग स्थित एक होटल में पुलिस ने शुक्रवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर छापा मारा था। पुलिस ने यहां से चार युवक व युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था। मामले में अनूपशहर कोतवाली में होटल संचालक समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पकड़े गए दस लोगों को जमानत पर हिदायत देकर छोड़ दिया गया था। एसएसपी ने अनूपशहर सीओ से प्रकरण की जांच कराई। जांच रिपोर्ट में थाने पर तैनात आरक्षी विनीत गिरी और आरक्षी रविकांत दोषी पाए गए। इस पर एसएसपी ने आरक्षी विनीत गिरी और आरक्षी रविकांत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही होटल में अवैध गतिविधियां होने की सूचना मिलने के बावजूद कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बहादुर सिंह ने उच्चाधिकारियों को अवगत नहीं कराया। इस पर उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है। अब एसएसपी ने मामले की जांच एसपी देहात को सौंप दी है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों सिपाहियों की संलिप्तता प्रारंभिक जांच में सामने आई है। उन्हें निलंबित कर दिया गया है, जबकि कस्बा चौकी इंचार्ज को मामले में लापरवाही बरतने पर लाइन हाजिर किया गया है।