परिजनों ने जताई लापता किशोरी को बेचने की आशंका
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी परिजनों ने लापता बेटी को बेचे जाने की आशंका जताई है। गुलावठी क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित ने एसएसपी को शिकायत देकर बताया कि 14 सितंबर को उसकी 15 वर्षीय बेटी को गांव निवासी एक आरोपी अगवा कर ले गया था। इससे पहले भी आरोपी पर दुष्कर्म का एक मुकदमा दर्ज है। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप लगाया कि कार्रवाई न होने के कारण शक है कि आरोपी ने उसे बेच दिया है। मामले में गांव के ही दो अन्य युवकों को जानकारी है, लेकिन बताने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों से कोई पूछताछ नहीं की है। एसएसपी ने देहात कोतवाली पुलिस को कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।