झोलाछाप के गलत इंजेक्शन लगाने से गई युवक की जान
जहांगीराबाद/ऊंचागांव। कोतवाली क्षेत्र के गांव कारौंजी में एक झोलाछाप की लापरवाही के कारण एक युवक की जान चली गई। युवक अपने कंधे के पास निकली एक मामूली फुंसी का उपचार कराने क्लीनिक पर पहुंचा था। युवक की मौत की खबर सुनकर क्लीनिक पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतक के परिजनों ने झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
क्षेत्र के गांव गोधना निवासी प्रीतम सिंह ने स्थानीय पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके भतीजे कैलाश (40) पुत्र श्रीपाल के कंधे के पास एक फुंसी निकल आई थी। शनिवार की सुबह कैलाश पास के ही गांव करौंजी स्थित झोलाछाप महेश चंद लोधी के क्लीनिक पर पहुंचा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि झोलाछाप ने उसे दवाई देने के स्थान पर इंजेक्शन लगा दिया, जिसके बाद वह बेहोश होकर क्लीनिक के अंदर ही गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलने पर कैलाश के परिजन क्लीनिक पहुंचे। क्लीनिक पर पहुंचने पर परिजनों को कैलाश मृत अवस्था में पड़ा मिला। जिसके बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी झोलाछाप मौके से फरार हो गया। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के चाचा की तहरीर पर आरोपी झोलाछाप महेश चंद लोधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी जहांगीराबाद राजीव सक्सेना ने बताया कि मृतक के चाचा की तहरीर पर आरोपी चिकित्सक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।