बुकलाना में वृद्धा की गला दबाकर हत्या, बैंक पासबुक और मोबाइल ले गए हत्यारे
बुगरासी। गांव बुकलाना में चामुंडा मंदिर के ऊपर बने कमरे में रह रही गांव निवासी 85 वर्षीय वृद्धा की अज्ञात हत्यारों ने गला दबाकर हत्या कर दी। महिला की बैंक पासबुक व मोबाइल भी ले गए। मृतका की बेटी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
85 वर्षीय भगवती गांव में बने चामुंडा मंदिर के ऊपर बने कमरे में अकेली रहती थीं। गांव के लोग उनके खाने-पीने में सहयोग करते रहे हैं। बुधवार की रात किसी ने भगवती की गला दबाकर हत्या कर दी। बृहस्पतिवार की सुबह जैसे ही हत्या की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो भीड़ लग गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ, सीओ अलका सिंह, एसओ नरसेना प्रताप सिंह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया तथा मामले की जांच में जुट गया।
सीओ अलका सिंह ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शरीर पर गले पर अंगुली के निशान होने से गला दबाकर हत्या प्रतीत हो रही है। महिला अकेली रहती थी तथा भरण-पोषण भी ग्रामीणों पर निर्भर था। मामला प्रथम दृष्टया शराबी अथवा चोर द्वारा चोरी के लिए की गई हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि हत्यारे महिला का मोबाइल और पासबुक भी ले गए। एसओ नरसेना प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की पुत्री कृष्णा ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है पुलिस मामले की जांच कर रही है।