बुलंदशहर और आसपास के जिलों में हरियाणा निर्मित शराब की तस्करी करने वाले गिरोह का स्वाट टीम ने शनिवार को भंडाफोड़ कर दिया। तस्कर टूरिस्ट बस से हरियाणा से अवैध शराब की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। बाजार में शराब की कीमत आठ लाख रुपये बताई जा रही है।
स्वाट प्रभारी सुधीर कुमार त्यागी ने बताया कि सिकंदराबाद कोतवाली की जोखाबाद चौकी पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए औद्योगिक क्षेत्र के चौराहे पर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान टीम को सफेद रंग की एक टूरिस्ट बस आती हुई दिखाई दी, उन्होंने इसके चालक को रोकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने की कोशिश करने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर बस में टूरिस्ट का सामान रखने वाले बॉक्स में हरियाणा मार्का 100 पेटी शराब बरामद हुई।
इसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। चालक सहित छह आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान मोहित निवासी अल्लीपुर, गाजियाबाद, राजन कुमार अग्निहोत्री व हिमांशु कुमार निवासीगण निरोली बुजुर्ग हुसैनगंज फतेहपुर तथा फूलचंद्र निवासी कदिपुर गोपालपुर, कादीपुर सुल्तानपुर, सुनील कुमार निवासी ईस्ट शाहदरा थाना भजनपुरा दिल्ली और कुलदीप धहिया निवासी झरोट, खखोंदा पानीपत हरियाणा के रूप में हुई। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
हरियाणा से ही होती थी तस्करी
जनपद में हरियाणा व अन्य गैर प्रांतों से लाई जाने वाली अवैध शराब का भंडाफोड़ आए दिन पुलिस कर रही है। तस्कर नए-नए तरीके शराब तस्करी कर रहे हैं। वहीं, अब पकड़े गए तस्करों ने पूछताछ में बताया कि वह टूरिस्ट बस में हरियाणा से ही शराब लादते थे और बुलंदशहर व आस पास के क्षेत्र में दोगुना दामों में बेच दिया करते थे। टूरिस्ट बस होने के कारण उन पर शक भी नहीं हो पाता था। पूर्व में भी वह इस तरह कई बार तस्करी कर चुके हैं।
जनपद के तस्करों पर पुलिस की नजर
पकड़े गए आरोपी हरियाणा से शराब लाकर जनपद में कहां-कहां और किस-किस को बेचते थे। इसकी जानकारी जुटाने के लिए पुलिस टीमें काम कर रही हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही पुलिस उन सभी तक भी पहुंच जाएगी।
जहरीली शराब से कई लोगों की हो चुकी है मौत
जनपद में मिलावटी शराब पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है। बीते जनवरी माह में ही सिकंदराबाद में मिलावटी शराब पीने से आठ लोगों की जान चली गई थी। इसके अलावा गुलावठी में मार्च माह में तीन लोगों की अधिक शराब पीने से मौत हो चुकी है।
नकली रैपर लगाकर बेच रहे थे मिलावटी शराब
नगर कोतवाली पुलिस ने मऊखेड़ा रेलवे लाइन किनारे मिलावटी शराब बनाते हुए और नकली रैपर लगाकर पव्वों और बोतल में भरते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। नकली शराब बनाने वाले आरोपी की शिनाख्त कुबेरदत्त शर्मा निवासी यश एंक्लेव आवास विकास, नगर कोतवाली के रूप में हुई।
पूछताछ में उसने बताया कि नकली रैपर प्रिटिंग कराकर खाली बोतल और पव्वों में शराब भरकर आसपास के क्षेत्रों में आपूर्ति की जाती थी। शराब बनाने के उपकरण भी पुलिस को बरामद हुए है। साथ ही मौके से 13 पेटी शराब हरियाणा मार्का, पांच लीटर मिलावटी शराब, 15 पव्वे मिलावटी शराब, 82 खाली पव्वे, छह पेटी खाली, एक प्लास्टिक बाल्टी, एक मग, दो किलो यूरिया बरामद किया गया है।