हापुड़ पुलिस का कारनामा, वांछित की जगह मंडी सचिव को उठाया
जहांगीराबाद। वांछित की तलाश में जहांगीराबाद आई हापुड़ पुलिस की शुक्रवार शाम खूब फजीहत हुई। दरअसल, वांछित की जगह पर हापुड़ पुलिस दूध लेने जा रहे डिबाई मंडी समिति के सचिव को मंडी गेट के पास से उठा ले गई। चलती गाड़ी में पूछताछ के बाद हापुड़ पुलिस को अपनी गलती पता चली तो मंडी समिति के सचिव को कोतवाली पुलिस को सुपुर्द करहापुड़ रवाना हो गई। इस घटना से जहांगीराबाद मंडी के आढ़तियों और व्यापारियों में काफी रोष है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कतियावली निवासी नरेंद्र शर्मा नगर के मोहल्ला कैलाशपुरी लोधान में रहते हैं। वह कुछ समय पहले जहांगीराबाद कृषि उत्पादन मंडी में सचिव के पद पर थे। इसके बाद उनका तबादला उसी पद पर डिबाई कृषि उत्पादन मंडी में हो गया। वह रोजाना शाम को दूध लेने जहांगीराबाद कृषि उ उत्पादन मंडी की तरफ जाते हैं। शुक्रवार शाम जैसे ही वह मंडी के गेट के पास पहुंचे तो हापुड़ पुलिस की एक गाड़ी उनके पास आकर रुकी। उसमें से कुछ पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में गाड़ी से उतरे और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाने लगे। नरेंद्र शर्मा ने शोर मचाते हुए विरोध शुरू किया। जब तक उनकी चीख पुकार सुनकर आढ़ती मौके पर पहुंचते तब तक पुलिस उन्हें ले जा चुकी थी। बीच रास्ते में हापुड़ पुलिस ने नरेंद्र शर्मा से पूछताछ की तो पता चला कि वह वांछित की तलाश कर रही थी, गलती से नरेंद्र शर्मा को उठा लिया है। इसके बाद हापुड़ पुलिस ने नरेंद्र शर्मा को जहांगीराबाद कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया और हापुड़ रवाना हो गई। इसके बाद नरेंद्र शर्मा ने अपने उच्चाधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इस घटना के बाद मंडी के व्यापारियों में रोष व्याप्त है।
कोतवाली प्रभारी राजीव सक्सेना ने बताया कि हापुड़ क्राइम ब्रांच की टीम वांछित की तलाश में थी। गलती से मंडी समिति के सचिव नरेंद्र शर्मा को उठा लिया था। पता लगने पर हापुड़ पुलिस उन्हें कोतवाली में छोड़कर चली गई।