शिकायत पर एसएसपी ने दिया आश्वासन, पद की गरिमा बनाए रखने की नसीहत
बुलंदशहर। दो दिन पूर्व महिला शिकायत प्रकोष्ठ में तैनात महिला इंस्पेक्टर के द्वारा एसपी क्राइम के व्यवहार से क्षुब्ध होकर अपना इस्तीफा दिए जाने का मामला सामने आया था। लेकिन, एसएसपी के अवकाश पर होने के कारण मामला जस का तस था। शनिवार को एसएसपी के लौटने पर पीड़िता ने उनसे मुलाकात की और मामले में एसपी क्राइम पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। जिस पर एसएसपी ने उन्हें भविष्य में किसी के साथ भी ऐसा न होने का आश्वासन दिया है।
बृहस्पतिवार को एसपी क्राइम ने विभिन्न प्रकोष्ठ के अफसरों के साथ बैठक कर दिशा निर्देश दिए थे। बताया गया कि इस दौरान किसी मामले को लेकर उन्होंने महिला शिकायत प्रकोष्ठ की इंस्पेक्टर आरती सोनी को फटकार भी लगा दी थी। जिससे आहत होकर इंस्पेक्टर आरती सोनी ने अपना इस्तीफा अफसरों को व्हाट्सएप के माध्यम से भेज दिया था। लेकिन, मामले में एसएसपी के अवकाश पर होने के चलते कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी। शनिवार को एसएसपी के कार्यालय लौटने पर पीड़िता ने उनसे मुलाकात की। साथ ही मौखिक रूप से बृहस्पतिवार को हुए प्रकरण के बारे में पूरी जानकारी भी दी। साथ ही एसपी क्राइम द्वारा की गई अभद्रता से मानसिक रूप से परेशान होने की बात भी कही। जिस पर एसएसपी ने उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी। साथ ही एसएसपी ने सभी अफसरों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने पद की गरिमा के साथ साथ दूसरे कर्मचारियों के पद की गरिमा को भी बनाए रखें। एसएसपी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि मामले में महिला इंस्पेक्टर ने मौखिक आकर शिकायत की है, उन्होंने कोई इस्तीफा नहीं दिया है। सभी अफसरों और कर्मचारियों को हिदायत दी गई है कि वह अपने पद की गरिमा का ख्याल रखें।