हत्या की रिपोर्ट दर्ज नहीं करने पर भड़के लोग, पुलिस से नोकझोंक
गुलावठी। मोहल्ला रामनगर निवासी मृतक सोनू की मौत के मामले में शनिवार को पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने पर लोग भड़क गए। थाने में लोगों एवं कोतवाल में नोकझोंक हुई, परंतु कोतवाल ने सोनू की मौत को आत्महत्या बताते हुए रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया। मृतक के परिजन एवं अन्य लोग एसएसपी से मिलने की बात कहते हुए थाने से चले गए।
शनिवार को मृतक सोनू का भाई मोनू, बजरंग दल के आदेश चौहान, भगीरथ रूड़कीवाल, राहुल वर्मा, विशाल सहित अनेक लोग थाने पहुंचे तथा मोहल्ला रामनगर निवासी सोनू की मौत को हत्या बताते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। आदेश चौहान का कहना था कि परिजनों ने सोनू की हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी थी, परंतु कई दिन बाद भी अभी भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। पुलिस घटना को दबाने में लगी है। कोतवाल विवेक शर्मा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सोनू की मौत आत्महत्या आई है। उसकी जहरीले पदार्थ के सेवन करने से मौत हुई है। मृतक सोनू का बिसरा पिजर्ब कर लिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। इस बीच कोतवाल के रिपोर्ट दर्ज करने से मना करने पर लोग बिफर गए तथा एसएसपी से मिलने की बात कहते हुए चले गए।
इनसेट =
क्या था मामला
बता दें कि गत 14 जून को मोहल्ला रामनगर निवासी सोनू (26) पुत्र विशन सिंह का शव एक आम के बाग में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। पुलिस ने सोनू की मौत को आत्महत्या बताकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी थी।