आगरा से पहुंची वैक्सीन, चार दिन चलेगा टीका उत्सव
बुलंदशहर। कोरोना से बचाव के लिए आगरा से 20 हजार वैक्सीन की खेप जनपद में पहुंच गई है। इससे स्वास्थ्य अफसरों ने राहत की सांस ली है। वहीं दूसरी ओर कोरोना से बचाव के लिए 14 अप्रैल तक टीका लगाने का अभियान चलाया जाएगा। रविवार को जिला अस्पताल में डीएम ने टीका उत्सव अभियान का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान जिला अस्पताल समेत 90 केंद्रों पर टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया।
जनपद में कोवैक्सीन और कोविशील्ड से लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। एक अप्रैल से अधिक संख्या में लोग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचने लगे। इससे वैक्सीन का संकट हो गया। शुक्रवार को मेरठ से मात्र एक हजार डोज प्राप्त होने पर शनिवार को आठ केंद्रों पर 916 लोगों को टीका लगाया गया। वहीं, विभाग द्वारा वैक्सीन की शासन स्तर से मांग की गई। शासन द्वारा आगरा मेडिकल कॉलेज से वैक्सीन लाने के निर्देश दिए गए। शासन से निर्देश मिलने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा वैक्सीन वाहन को आगरा भेजा गया, जहां से 20 हजार डोज प्राप्त हुई है। एसीएमओ/नोडल अधिकारी डॉ. सुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि आगरा से कोविशील्ड की 20 हजार डोज प्राप्त हुई है, जिन्हें सभी वैक्सीनेशन केंद्रों पर भेज दिया गया है। जल्द ही और वैक्सीन आने की संभावना है।
14 तक चलेगा टीकोत्सव, मिला लक्ष्य
कोरोना से बचाव के लिए एक अप्रैल से तीसरे चरण के तहत 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगाया जा रहा है। अप्रैल माह में शासन द्वारा स्वास्थ्य विभाग को 1.89 लाख लोगों का टीकाकरण करने का लक्ष्य दिया गया। वहीं, शनिवार को शासन द्वारा रविवार यानी 11 अप्रैल से 14 अप्रैल तक टीकाकरण को टीका उत्सव के रूप में आयोजन करने के निर्देश दिए गए। शासन के निर्देश पर जिला अस्पताल समेत 90 केंद्रों पर रविवार को टीका उत्सव के तहत टीकाकरण किया गया। जिला अस्पताल में डीएम रविंद्र कुमार ने टीका उत्सव का फीता काटकर शुभारंभ किया। साथ ही 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगवाने के प्रति प्रेरित किया। साथ ही सीएमओ को टीकाकरण के प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। वहीं, जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी टीका उत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपील की। इस दौरान सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर, सीएमएस डॉ. राजीव प्रसाद, एसीएमओ डॉ. नरेश गोयल, एसीएमओ डॉ. वीके श्रीवास्तव समेत अन्य स्वास्थ्य अफसर मौजूद रहे।