गोशाला में मिली अनियमितता, डिप्टी सीवीओ-केयर टेकर का वेतन रोका
बुलंदशहर। अनूपशहर स्थित अस्थाई गोशाला का डीएम ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनियमितताएं सामने आने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। डिप्टी सीवीओ और केयर टेकर का वेतन रोकने के निर्देश भी जारी किए हैं।
डीएम रविंद्र कुमार मंगलवार को अनूपशहर पहुंचे। जहां उन्होंने नगर पालिका अनूपशहर द्वारा संचालित की जा रही अस्थाई गोशाला का निरीक्षण किया। साथ ही इस दौरान उन्होंने गोशाला में गोवंश के लिए भूसा, चारा, पानी और शीतलहर से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी हासिल की। गोशाला में 87 गोवंश संरक्षित पाए गए। वहीं, गोशाला प्रांगण में फर्श कच्चा होने से गंदगी मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। साथ ही ईओ नगर पालिका को एक सप्ताह के अंदर प्रांगण में कच्चे एरिया को सही कराए जाने के सख्त आदेश दिए हैं। उन्होंने तहसीलदार अनूपशहर को एक सप्ताह बाद निरीक्षण कर स्थिति से अवगत कराने को भी कहा है। मौजूद रजिस्टर के फटे होने और पंजिका में गोवंश के संबंध में दाखिल होने का दिन, स्वास्थ्य, सुपुर्दगी, टैग नंबर आदि सूचनाओं का अंकन दर्ज नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। साथ ही डिप्टी सीवीओ और गोशाला के केयर टेकर का वेतन रोकने के निर्देश भी संबंधित को दिए हैं। जिलाधिकारी ने सीवीओ को कहा कि जनपद की गोशाला में गोवंश के संबंध में गोशाला पंजिका में सभी सूचनाएं अंकित होने की रिपोर्ट जल्द से जल्द उनके समक्ष पेश की जाए।
फायर स्टेशन के निर्माण कार्य देख बिफरे डीएम, दिए जांच के आदेश
बुलंदशहर। अनूपशहर से लौटते वक्त डीएम रविंद्र कुमार विकास खंड जहांगीराबाद के गांव गेहना गोवर्धनपुर पहुंचे। जहां 872.59 लाख रुपये की लागत से फायर स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। यहां स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईंट, सीमेंट, सरिया और अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के समय नवनिर्मित भवन में बालू और सीमेंट के अनुपात की जानकारी हासिल की। इस दौरान बीम से रेत झड़ने पर नाराजगी जताई है। मौके पर भवन के मानचित्र का अवलोकन करते हुए डीपीआर के अनुसार प्रशासनिक भवन में भूतल में बीम और स्लैब कार्य के संबंध में जानकारी के दौरान उनमें मानक के अनुसार सही नहीं पाए जाने और ईंट की गुणवत्ता भी निम्न स्तर की होने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोनिवि खुर्जा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जहांगीराबाद की संयुक्त टीम गठित कर निर्माणाधीन भवन की तकनीकी जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।