नौकरी का झांसा देकर नौ लाख रुपये ठगे
बुलंदशहर। अहार थाना क्षेत्र के गांव जटपुरा निवासी एक युवक से शिक्षा विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने नौकरी नहीं लगने पर आरोपी से रुपयों मांगे तो उसे हत्या की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
अहार के गांव जटपुरा निवासी पवन कुमार ने मंगलवार को एसएसपी को प्रार्थना पत्र भेजकर बताया कि वह दसवीं पास है। उनके रिश्तेदारी में एक युवक है, वह अलीगढ़ का रहने वाला है। उसका परिवार में बहुत आना-जाना था। छह साल पहले उक्त युवक ने भरोसा दिलाया कि शिक्षा विभाग में सरकारी नौकरी लगवा देगा और इसके एवज में नौ लाख रुपये की मांग रखी। पवन ने बताया कि उसके पिता ने वर्ष 2014 में उसे रुपये दे दिए। नौ लाख रुपये लेने के बाद भी वह जल्द नौकरी लगने की बात कहने लगा। जब नौकरी नहीं लगी तो पवन ने रुपयों का तकादा शुरू कर दिया। इस पर आरोपी ने जल्द ही रुपये लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक आरोपी ने रुपये नहीं लौटाए। अब रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। एसएसपी ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।