दिल्ली बवाल में डिबाई के युवक की गोली लगने से मौत
डिबाई। दिल्ली में सोमवार को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हुए बवाल में एक हेड कांस्टेबल समेत सात लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में एक युवक बुलंदशहर जनपद के डिबाई थाना क्षेत्र के गांव भीमपुर का निवासी है। बवाल के दौरान गोली लगने से उसकी मौत हुई है। मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
दिल्ली-बदायूं हाईवे पर स्थित गांव भीमपुर निवासी शाहिद पुत्र स्व. अल्लाह मेहर वर्तमान में अपनी पत्नी के साथ दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में किराए के मकान में रहता था। बताया गया कि वह बीते करीब पांच वर्ष से दिल्ली में रहकर यात्री टेंपो चलाकर अपना व परिवार का पालन पोषण करता था। परिवार में सबकुछ ठीक चल रहा था। लेकिन, सोमवार को परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया गया कि शाहिद सोमवार को दिल्ली में प्रतिदिन की तरह अपना टेंपो लेकर काम पर गया था। शाम को बवाल की सूचना पर वह टेंपो लेकर वापस मुस्तफाबाद स्थित अपने आवास पर पहुंचा था। बताया गया कि घर के निकट ही सीएए के विरोध में हुए बवाल के दौरान अज्ञात आरोपियों ने उसे गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों को सोमवार देर शाम उसकी मौत की सूचना मिली थी। जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
साढ़े तीन माह पूर्व ही हुआ था निकाह
मृतक शाहिद का करीब साढ़े तीन माह पूर्व ही निकाह हुआ था। बताया गया कि गत 12 नवंबर 2019 को ही जनपद के गांव रायपुर निवासी युवती साजिया के साथ उसका निकाह हुआ था। निकाह के बाद वह साजिया को अपने साथ ही दिल्ली ले गया था। परिवार में खुशियों का माहौल था। लेकिन, दंगे में परिवार की खुशियों गमों के अंधेरे में डूब गईं हैं।
----------
15 दिन पूर्व ही मां से मिलने आया था शाहिद
परिजनों के अनुसार शाहिद गत 15 दिन पूर्व ही अपने गांव आया था। गांव में उसकी मां नूर निशां व अन्य भाई बहन रहते हैं। शाहिद परिवार में सबसे छोटा था। परिजनों ने बिलखते हुए बताया कि 15 दिन पूर्व ही वह घर आया था और काफी खुश था।
---------
शाहिद की दिल्ली में बवाल के दौरान गोली लगने से मौत की जानकारी मिली है। अभी तक शव गांव नहीं पहुंचा है।
अखिलेश कुमार गौड़, निरीक्षक डिबाई कोतवाली
-----------
आपत्तिजनक वीडियो, भड़काऊ पोस्ट पर न दें ध्यान: एसएसपी
फोटो
बुलंदशहर। दिल्ली में सीएए के विरोध में हुए बवाल के बाद जनपद पुलिस की भी नींद टूट गई है। मंगलवार सुबह एसएसपी ने अपने दफ्तर के बाहर पुलिसकर्मियों को संबोधित किया। साथ ही जनपदवासियों से भी शांति व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहें न फैलाने की अपील की।
सोमवार शाम से दिल्ली में सीएए के विरोध में जमकर बवाल हो रहा है। जिसमें एक हेड कांस्टेबल समेत सात लोगों की भी मौत हो चुकी है। वहीं, बुलंदशहर भी करीब दो माह पूर्व इस बलवे की आग में झुलस चुका है। लेकिन, सोमवार को दिल्ली में हुए बवाल के बाद एक बार फिर जनपद पुलिस की नींद टूटी है। एसएसपी ने मंगलवार को कार्यालय के बाहर पुलिसकर्मियों को संबोधित किया। साथ ही उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से ड्यूटी करने व दंगे से निपटने के लिए उपाय बताए। साथ ही एसएसपी ने इस दौरान जनपदवासियों से भी अपील की है कि वह शांति बनाए रखें। सोशल मीडिया पर वायरल बवाल के फोटो-वीडियो व आपत्तिजनक सामग्री को शेयर न करें। माहौल बिगाडने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल पुलिस को सूचना दें।
----------
डीएम ने जनपद में जोनल और सेक्टर व्यवस्था की लागू
बुलंदशहर। दिल्ली और अलीगढ़ में बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क दिख रहा है। डीएम ने मंगलवार को जनपद में जोनल और सेक्टर व्यवस्था लागू कर दी है। जिसमें हर एक जोन और सेक्टर में जोनल सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। उन सभी को आदेश दिया गया है कि संबंधित पुलिस अफसरों और इंचार्र्जो के साथ मिलकर काम करना है। अगर कोई मामला संवेदनशील दिखाई देता है तो तुरंत उस पर कार्रवाई की जाए। इसकी सूचना भी अपने अफसरों को दी जाए, ताकि वक्त रहते बवाल होने से रोका जा सके। वहीं, डीएम ने पुलिस फोर्स को भी अलर्ट रहने का आदेश दिया है। सभी संवेदन और अतिसंवेदनशील इलाके में अतिरिक्त गश्त और सतर्क रहने का आदेश भी दिया है। किसी भी छोटी अथवा बड़ी घटना को नजरअंदाज न करने का निर्देश दिया। डीएम रविंद्र कुमार के अनुसार कोई भी छोटी घटना कभी भी बड़ा रूप ले सकती है, इसलिए सतर्क रहें।
---------
होली को लेकर लगाई मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी
नौं व दस मार्च को होली का पर्व मनाया जाना है। इसमें संप्रदायिक सौहार्द, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम ने विभिन्न इलाकों में मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई है। जिसमें नगर मजिस्ट्रेट की नगर क्षेत्र में, एसडीएम सदर की तहसील सदर क्षेत्र में, एसडीएस खुर्जा की खुर्जा क्षेत्र में, एसडीएम सिकंदराबाद की सिकंदराबाद क्षेत्र में, एसडीएम अनूपशहर की अनूपशहर क्षेत्र में, एसडीएम स्याना की सम्पूर्ण स्याना क्षेत्र में, एसडीएम डिबाई की डिबाई क्षेत्र में, एसडीएम शिकारपुर की शिकारपुर क्षेत्र में। वहीं, तहसीलदार सदर की औरंगाबाद क्षेत्र में, तहसीलदार सिकंदराबाद की चंदेरू में, तहसीलदार शिकारपुर की छतारी और पहासू क्षेत्र में, तहसीलदार स्याना की बीबीनगर, बुगरासी और खानपुर क्षेत्र में, तहसीलदार अनूपशहर की डयूटी जहांगीराबाद में, तहसीलदार डिबाई की नरौरा, दानपुर में डयूटी लगाई है।
-------------
दिल्ली-अलीगढ़ में तनाव के मद्देनजर तहसील पहुंचे डीएम-एसएसपी
खुर्जा/पहासू। दिल्ली-अलीगढ़ में हुए पथराव-आगजनी की घटनाओं के बाद बिगड़े माहौल से जिले की फिजा को बचाने के मकसद से मंगलवार को जिलाधिकारी-एसएसपी ने तहसील परिसर में इलाके के मौजिज लोगों संग बैठक करते हुए अमन-चैन कायम रखने में मदद मांगी। साथ ही माहौल खराब करने वाले असमाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। मौजिज लोगों से अपने इलाके में शांति व्यवस्था को कायम रखने की अपील की गई। इसके अलावा पहासू क्षेत्र में भी अफसरों ने फ्लैग मार्च करते हुए लोगों से शांति कायम रखने की अपील की। इस दौरान रफीक फड्डा पूर्व चेयरमेन, हरजीत टीटू, राजीव बंसल, रिजवान उर रशीद खां, शफीउल्ला, सुहैल, उम्मेद गाजी मौजूद रहे। इसके अलावा पहासू में भी मंगलवार को अफ्सरान ने शांति के मद्देनजर इलाके में फोर्स संग फ्लैग मार्च करते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इस दौरान शिकारपुर एसडीएम वेदप्रिय आर्य, सीओ शिकारपुर सुरेश, नायब तहसीलदार सुशील, एसओ पहासू अखिलेश त्रिपाठी ने सर्वसमाज के लोगों संग बैठक करते हुए शांति बनाए रखने की अपील। सोशल मीडिया पर अफवाहों को रोकने की अपील की। बादशाह नंबरदार, फजलू, सरदार खां, सगीर अहमद मौजूद रहे।
-----------