हर चौराहे पर पुलिस बल तैनाती का आदेश, घटना हुई तो नपेंगे अधिकारी
बुलंदशहर। नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर जनपद में पुलिस-प्रशासन पूरे दिन अलर्ट पर रहा। डीएम और एसएसपी ने भारी पुलिस बल के साथ नगर समेत खुर्जा, सिकंदराबाद और स्याना का भी दौरा किया। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में निरीक्षण के दौरान डीएम ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती का आदेश दिया। सीएए को लेकर कोई बवाल होने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सीएए और एनआरसी का जगह-जगह विरोध किया जा रहा है। इसको लेकर मुख्यमंत्री ने सख्ती बरतते हुए सभी अधिकारियों को अलर्ट पर रहने का आदेश दिया है। मंगलवार को सुबह से ही डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने नगर के कालाआम चौराहे से लेकर विभिन्न इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान संवेदनशील इलाकों में भी गश्त की गई। डीएम ने प्रत्येक चौराहे पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनाती का आदेश दिया है। इसके बाद डीएम और एसएसपी का काफिला गुलावठी पहुंचा, जहां चिन्हित कई इलाकों में फ्लैग मार्च कर अमन का संदेश दिया। गुलावठी के बाद सिकंदराबाद में स्टेट हाइवे पर दादरी गेट पुलिस चौकी से ख्ुार्जा गेट पुलिस चौकी तक रूट मार्च किया। इस दौरान अधिकारी स्थानीय लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते रहे। खुर्जा पहुंचकर डीएम एसएसपी ने जेवर अड्डा चौराहे से गांधी रोड, पदम सिंह गेट, ककराला से फ्लैग मार्च निकाला, जो ककराला के समीप सवाराम चौकी पर जाकर समाप्त हुआ। पहासू में भी भारी पुलिस बल के साथ निरीक्षण किया गया। डिबाई में एसडीएम संजय कुमार सिंह, सीओ विक्रम सिंह, ने दानपुर, कसेरकला सहित नगर के बाजार व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ रूट मार्च किया। शाम तीन बजे दोनों समुदाय की शांति समिति की बैठक की। इस दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सीएए को लेकर किसी तरह का बवाल होने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। जहांगीराबाद में नगर पालिका के पुराने भवन में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें नगरवासियों से शांति व्यवस्था बनाने व अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई। बैठक में एसडीएम सुरेश चंद सोनी व सीओ अतुल कुमार चौबे, नगर पालिका चेयरमैन डॉ.सूरजभान माहुर, पूर्व चेयरमैन साबिर अली अंसारी, शहर काजी डॉ.सैय्यद करीम उर्रहमान बुखारी, सपा नेता अजीत हिमाचाल सिंह, कोतवाली प्रभारी विवेक शर्मा मौजूद रहे। अनूपशहर में मंगलवार को तहसील प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए एसडीएम सुरेश कुमार सोनी व सीओ अतुल चौबे के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने लोगों से अफवाहों व गलतफहमी से बचने तथा शांति व्यवस्था बनाये रखने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बता दें कि सोमवार रात मुख्यमंत्री की वीडियो कांफ्रेंसिंग हुई थी। जिसमें उन्होंने किसी भी प्रकार का हंगामा, प्रदर्शन और जुलूस न निकलने देने का सख्त आदेश पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दिया था। जिसके अनुपालन में ही मंगलवार की सुबह से ही सभी अधिकारी अलर्ट पर दिखाई दिए और जनपद में फ्लैग मार्च करते हुए लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते रहे।
इंटरनेट सेवाओं पर भी प्रशासन की कड़ी नजर
प्रशासन ने आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों के अधिकारियों से भी संपर्क साधा है और लगातार कम्युनिकेशन बनाए रखने की अपील की है। एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार ने बताया कि प्रशासन ने ऐसे लोगों को भी नोटिस जारी किए हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया के जरिये नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर अमन चैन में खलल डालने का प्रयास किया है। इसके साथ ही पीएसी की तीन टुकड़ियों को भी मिश्रित आबादी में तैनात किया गया है।
जनपद को दो जोन और सात सेक्टर में बांटा
सीएए को लेकर पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर दिखाई दे रहा है। जनपद को दो जोन, सात सेक्टर और 9 सब सेक्टरों में बांटा गया है। इतना ही नहीं निगरानी के लिए थानों में 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई है।
जनपद में पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस और प्रशासन के सभी अफसरों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनपद में धारा 144 लागू है, किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - रविंद्र कुमार, जिलाधिकारी