कचहरी से लौट रही विवाहिता को ससुरालीजनों ने पीटा
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में न्यायालय परिसर से लौट रही एक विवाहिता के साथ उसके ससुरालीजनों ने मुकदमा वापस न लेने पर मारपीट की। साथ ही आरोपी अन्य लोगों को एकत्रित होता देख पीड़िता को हत्या की धमकी देकर भाग निकले। पीड़िता ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता को उसके ससुरालीजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर करीब एक वर्ष पूर्व मारपीट कर घर से निकाल दिया था। तब से पीड़िता अपने मायके में ही रह रही थी। उक्त मामला न्यायालय में विचाराधीन चल रहा है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ससुरालीजन पिछले काफी समय से मामले में फैसला करने का दबाव बना रहे थे। गत 13 दिसंबर को पीड़िता न्यायालय में अपनी तारीख पर आई थी। जहां से दोपहर करीब दो बजे वह वापस अपने घर लौट रही थी। बताया गया कि रास्ते में उसके पति व अन्य ससुरालीजनों ने उसे रोक लिया और उस पर फैसले का दबाव बनाने लगे। पीड़िता के इंकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। लोगों को एकत्रित होता हुआ देख आरोपी मौके से उसे हत्या की धमकी देकर भाग निकले।