पुलिस पर लगाया तोड़फोड़ और मारपीट का आरोप
बुलंदशहर। खानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर दूसरे पक्ष से सांठगांठ कर कोई कार्रवाई न करने व पीड़ित पक्ष को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। साथ ही आरोप है कि पुलिस ने आरोपी पक्ष के साथ मिलकर उनके रास्ते पर लगे गेट को भी तोड़ दिया है। पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से मामले में न्याय की गुहार लगाई है।
खानपुर क्षेत्र के गांव रहमतपुर औगना निवासी सुरेंद्र सिंह पुत्र प्रहलाद सिंह, शिवचरन सिंह पुत्र खचेड़ सिंह व सुनील पुत्र सतवीर सिंह ने मंगलवार को एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि उनका परिवार बड़ा है, उन्होंने अपनी सुविधा के अनुसार बीच मे रास्ता के लिए खुली जगह में छोड़कर अपने मकान बना रखे हैं। वादी पक्ष के एक ओर पहले से ही रास्ता था। दूसरी गांव सभा की भूमि में आवंटन के बाद वह रास्ता भी कायम हो गया और वादी पक्ष की आबादी से मिल गया। पीड़ित पक्ष ने रास्ते के दूसरे छोर पर गेट लगा रखा था, जो कि करीब 30 वर्ष पुराना था। आरोप है कि गांव निवासी एक पक्ष उनकी आबादी वाली जगह पर कब्जा करना चाहता है। इसी के चलते बीते दिनों आरोपियों ने पुलिस से सांठगांठ कर उनकी दीवार व गेट को तोड़ दिया था। पीड़ित पक्ष ने जब इस बाबत विरोध किया तो आरोपियों ने उल्टा उन्हें धमकाया और हत्या की धमकी दी। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से भी मामले की शिकायत की, लेकिन पुलिस ने भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। साथ ही आरोपी पक्ष से सांठगांठ कर पुलिस ने पीड़ित पक्ष पर फैसले का दबाव बनाना शुरू कर दिया। साथ ही पीड़ित पक्ष को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है। पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से मामले में न्याय की गुहार लगाई है।