कालाआम चौराहे पर ऑनलाइन कंपनियों का पुतला फुंकते व्यापारी।
- फोटो : BULANDSHAHR
ई-कामर्स के खिलाफ व्यापारियों ने किया विरोध
बुलंदशहर। ई-कामर्स के खिलाफ रविवार को नगर के व्यापारियों ने पुतला फुंककर रोष जताया। साथ ही विदेशी कंपनियों के बढ़ते व्यवसाय पर सरकार से रोक लगाने की मांग की। नगर में उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले कालाआम चौराहे पर प्रदर्शन किया गया।
भारत बंद आह्वान पर रविवार को जिले में मिला-जुला असर रहा। वहीं, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के आह्वान पर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष में व्यापारियों ने नगर के कालाआम चौराहे पर प्रदर्शन किया। साथ ही ई-कामर्स का पुतला जला नारेबाजी की। मंडल के जिलाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनियों के लिए नियामक आयोग बनाया जाए, इसके साथ ही ऑनलाइन ट्रेडिंग पर राजस्व की चोरी को तत्काल रोका जाए। यदि ऑनलाइन ट्रेडिंग पर तत्काल रोक नहीं लगी तो फुटकर व्यापारियों का व्यवसाय समाप्त हो जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री के नाम तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान नगराध्यक्ष विजय गुप्ता, विकास व्यास, अभिनव, प्रियतम, पीताम्बर शर्मा, आलम सैफी, नवीन पाठक और रामकुमार गुप्ता समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।