डिबाई पुलिस द्वारा पकड़ा गये बदमाश और उनसे बरामद सामान।
- फोटो : BULANDSHAHR
डिबाई पुलिस ने शातिर चोरों के गैंग को दबोचा
बुलंदशहर। स्वाट और डिबाई थाना पुलिस की टीम ने शातिर चोरों के एक गैंग के छह लोगों को दबोचा है। बताया गया कि आरोपियों ने बीते दिनों डिबाई क्षेत्र में विभिन्न चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने बीते दिनों ठेके पर हुई चोरी का भी खुलासा करते हुए माल की बरामदगी की है। साथ ही सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन परिसर में प्रेसवार्ता कर बताया कि डिबाई थानाक्षेत्र के छोईया पुल के पास स्वाट टीम प्रभारी सुधीर कुमार त्यागी और डिबाई इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार गौड़ अपनी टीमों के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक स्कार्पियो कार उनकी ओर आती हुई नजर आई। जिसे पुलिसकर्मियों ने रुकवा कर चेकिंग की। इस दौरान कार के अंदर से 25 पेटी शराब की बरामद हुई। जांच हुई तो पता चला कि शराब की पेटी डिबाई के ठेके से चोरी की गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की शिनाख्त जयप्रकाश निवासी खुशालाबाद डिबाई, सोनू उर्फ सोमप्रकाश, प्रेमपाल सिंह, अर्जुन कुमार, किशनपाल, सुधीर शर्मा निवासीगण गंगापुर थाना डिबाई के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी सोनू के घर से 18 पेटी और शराब बरामद की। कुल 41 पेटी शराब की बरामद की गई। इसके अलावा बैटरे, इन्वर्टर, पाइप, डीवीआर, एक फ्रिज आदि सामान बरामद हुआ है। आरोपियों ने ठेके के अलावा अस्पताल और तीन अन्य घरों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। सभी को जेल भेज दिया गया है।