अनियंत्रित कैंटर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, गंभीर
डिबाई । कोतवाली क्षेत्र स्थित फायर स्टेशन के निकट रविवार देर शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित कैंटर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पहासू थाना क्षेत्र के गांव छपैती निवासी सोमवीर (30) पुत्र डंबर सिंह रविवार को अपनी बाइक से किसी काम से डिबाई आया था। शाम करीब पांच बजे वह बाइक से ही वापस अपने गांव लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायर स्टेशन के निकट पहुंचने पर भईपुर दौराहे की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित कैंटर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए युवक को पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया और परिजनों को मामले की सूचना दी। सीएचसी से युवक को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। आरोपी कैं टर चालक मौके से कैंटर लेकर भाग निकला। पुलिस मामले में अभी तहरीर मिलने से इंकार कर रही है।