बुखार का कहर जारी, नवाद में एक और मासूम की मौत
बुलंदशहर। इस समय जिले में बुखार का कहर जारी है। सदर तहसील के गांव नवादा में रविवार को एक मासूम की संदिग्ध बीमारी के चलते मौत हो गई। गांव में मासूम की मौत बुखार से होने को लेकर दिनभर चर्चा बनी रही। वहीं, गत माह से गांव में बुखार का कहर छाया हुआ है, जो शुक्रवार को स्वास्थ्य शिविर लगने के बाद भी नहीं रुका।
बता दें कि दिल्ली रोड स्थित नवादा गांव में संक्रमण फैलने से दर्जनों लोग गंभीर बीमारी के चलते निजी अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। स्वास्थ्य अफसरों ने ग्रामीणों की मांग पर शुक्रवार को स्वास्थ्य शिविर लगाने के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव कराया था, शिविर में काफी संख्या में लोगों ने प्राथमिक उपचार कराया। वहीं, शनिवार को मनोज कुमार तोमर के एक वर्षीय बेटे का स्वास्थ्य खराब हो गया था। जिसे चिकित्सकों को दिखाया गया। वहीं, रविवार सुबह को मासूम ने मां की गोद में दम तोड़ दिया। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने मासूम की मौत बुखार से होने की जानकारी दी। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है, जानकारी के लिए टीम को भेजा जाएगा। गांव में दो दिन पूर्व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा चुका है। ग्रामीणों की मांग पर दोबारा कैंप लगवा दिया जाएगा।