मैक्स पिकअप ने देवरानी-जेठानी को रौंदा, एक की मौत
स्याना। थाना क्षेत्र के चांदपुर पूठी गांव में शनिदेव मन्दिर से अपने घर वापस लौट रहीं देवरानी व जेठानी को तेज व अनियंत्रित गति से आ रही मैक्स पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो र्गइ, जबकि दूसरी महिला गम्भीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई व ग्रामीणों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम, सीओ व कोतवाल ने गुस्साये ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया व जाम खुलवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम थाना क्षेत्र के गांव चांदपुर निवासी हेमंत की पत्नी अंजू अपनी देवरानी प्रियंका के साथ गांव के शनिदेव मन्दिर से पूजा अर्चना करके अपने घर वापस लौट रहीं थीं। इसी दौरान स्याना की ओर से तेज गति से आ रही मैक्स पिकअप गाड़ी ने दोनों महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में अंजू (27) वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी देवरानी प्रियंका गम्भीर रूप से घायल हो गई। घायल प्रियंका को हायर मेडिकल रेफर कर दिया गया। मौके पर मृतका अंजू के शव के पास ग्रामीणों व परिवारिजनों की भीड़ इकट्ठा हो गई। साथ ही ग्रामीणों ने इस दौरान हंगामा करना शुरू कर दिया। घटना की सूचना पर एसडीएम सुभाष सिंह, सीओ मनीष यादव व कोतवाल नरेन्द्र कुमार शर्मा मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे व गुस्साए ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। मृतक के पति हेमंत की ओर से स्याना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि जल्द ही आरोपी चालक को दबोच लिया जाएगा।