देवर ने दुष्कर्म और ससुर ने की छेड़छाड़
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता के साथ उसके देवर ने दुष्कर्म किया। साथ ही पीड़िता ने ससुर पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर देहात कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता ने तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह क्षेत्र के ही एक गांव निवासी युवक इरफान पुत्र युनूस से हुआ था। निकाह में मायके पक्ष ने हैसियत से अधिक दान दहेज दिया था। लेकिन, आरोपी ससुरालिए निकाह में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह अतिरिक्त दहेज के लिए कार और दो लाख रुपये नगदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीड़िता का उत्पीड़न किया जा रहा था। आरोप है गत दस सितंबर को ससुराल में उसके देवर ने उससे दुष्कर्म किया था। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी हत्या की धमकी देकर भाग निकला था। पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुर ने भी उसके साथ छेड़छाड़ की थी। पीड़िता ने जब परिजनों को मामले की जानकारी दी तो आरोपियों ने उल्टा पीड़िता को बुरा-भला कहकर घर से निकाल दिया। देहात कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर पांच नामजद ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द सभी आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।