फोटो एडिट कर सोशल साइट पर किया वायरल
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला का फोटो आरोपियाें ने एडिट करके सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। आरोपी अभी पुलिस के चंगुल से दूर हैं।
नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली महिला ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बिजनौर निवासी महिला और उसके पति सहित तीन अन्य लोगों ने उसके फोटो व्हाट्सएप से ले लिए थे।आरोपियों ने उन फोटो को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पीड़िता को जब इस बाबत जानकारी हुई तो उसने विरोध किया, जिस पर आरोपियों ने उसे धमकी भी दी। पीड़िता ने मामले की शिकायत बीते दिनों नगर कोतवाली पुलिस से की थी। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई थी। नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जल्द ही आरोपियों को भी दबोच लिया जाएगा।