घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़, जानलेवा हमला
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक किशोरी के घर में घुसकर पड़ोसी युवक ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोरी ने तहरीर देकर बताया कि गत 30 अगस्त को वह घर पर अकेली थी। परिजन किसी काम से बाहर गए हुए थे। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक सुनील अपने साथी पिंकी के साथ घर में घुस आया और घर का दरवाजा बंद कर पीड़िता के साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट कर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़िता के शोर मचाने पर अन्य लोगों को आता देख आरोपी उसे हत्या की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़िता ने परिजनों के पहुंचने पर मामले की जानकारी दी। नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।