महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के साथ छेड़छाड़ और फिर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपियों ने पीड़िता व उसके परिजनों के साथ घर में घुसकर मारपीट की और हत्या की धमकी भी दी थी। डाक के माध्यम से पुलिस को शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने देहात कोतवाली में डाक के माध्यम से शिकायती पत्र भेजकर एफआईआर दर्ज कराई है। जिसमें पीड़ित का आरोप है कि गांव निवासी दबंग प्रवृत्ति के कुछ आरोपियाें ने बीते दिनों उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ की थी। साथ ही आरोप है कि गत 22 जून को एक आरोपी ने पीड़ित की पत्नी को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने व शिकायत करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट करते हुए हत्या की धमकी दी थी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी पीड़ित के घर में घुस आए। साथ ही अन्य परिजनों के साथ जमकर मारपीट की और शोर शराबा होने पर लोगों को आता हुआ देख हत्या की धमकी देकर भाग निकले। पीड़ित पति की शिकायत पर देहात कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक आनंद, विकास, रोहित, आकाश, हरवंश व बरखा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। देहात कोतवाली प्रभारी एसएसआई सरताज अली ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। हालांकि, मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।