बिना प्रवेशपत्र के कॉलेजों में नहीं मिलेगी एंट्री
बुलंदशहर। जनपद के लगभग सभी महाविद्यालयों में कक्षाएं शुरू हो गई हैं। प्राचार्यों ने आदेश जारी किया है कि किसी भी छात्र-छात्रा को बिना प्रवेशपत्र कॉलेज में एंट्री नहीं मिलेगी। यदि किसी छात्र ने अभी तह पहचान पत्र नहीं बनवाया है तो वह भी जल्द ही बनवा लें।
जनपद के महाविद्यालयों में विगत माह तक यूजी प्रथम वर्ष के प्रवेश की प्रक्रिया संपन्न हुई। साथ ही कॉलेजों की ओर से दूसरी कक्षाओं में भी प्रवेश किए। इस समय पीजी कक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। यूजी कक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अधिकतर कॉलेजों में कक्षाओं का संचालन हो चुका है। इसके चलते छात्र-छात्राएं भी अपनी-अपनी कक्षाएं अटैंड करने कॉलेज पहुंच रहे हैं। प्राचार्यों का कहना है कि कॉलेज में सभी छात्र-छात्राओं का प्रवेश पत्र होना अनिवार्य है। यदि किसी ने प्रवेश पत्र अभी तक नहीं बनवाया है तो वह जल्द बनवा लें। नियमानुसार अब किसी भी छात्र-छात्रा को बिना पहचान पत्र कॉलेज में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। डीएवी पीजी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रेनू अग्रवाल और गौरी शंकर कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंशु बंसल ने बताया कि अब कॉलेज में बिना पहचान पत्र के किसी भी छात्र-छात्रा को एंट्री नहीं मिलेगी। सभी छात्र-छात्राओं का पहचान पत्र जरूरी है।