851 करोड़ की लागत से बनेगा बुलंदशहर-गढ़ हाईवे
बुलंदशहर। 851 करोड़ की लागत से बुलंदशहर से गढ़ हाईवे के चौड़ीकरण के लिए वर्ल्ड बैंक से स्वीकृति मिल गई है। हालांकि अंतिम स्वीकृति के लिए शासन को फाइल भेजी गई है। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी करते हुए कार्य शुरू कराया जाएगा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जमीन अधिग्रहण के लिए करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
बुलंदशहर से गढ़ वाया स्याना के लिए अभी तक डबल लेन रोड से वाहन चालकों को सफर करना पड़ रहा है। हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण अब इस हाईवे को फोर लेन करने की आवश्यकता आ पड़ी है।49.6 किमी लंबे इस हाईवे को फोरलेन करने के लिए वर्ल्ड बैंक से धनराशि लेने की कवायद शुरू हुई थी। वर्ल्ड बैंक के अलीगढ़ खंड के अधिकारियों ने करीब एक साल पहले 500 करोड़ की लागत से हाईवे को फोरलेन करने की तैयारी शुरू की थी, लेकिन कुछ दिनों में ही इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया, क्योंकि विभिन्न स्थानों पर जमीन के अधिग्रहण की आवश्यकता पड़ती। अफसरों ने दोबारा से प्रस्ताव तैयार किया तो हाईवे के लिए करीब 100 करोड़ रुपये जमीन अधिग्रहण और 751 करोड़ रुपये हाईवे के निर्माण का एस्टीमेट तैयार हुआ। इसके बाद प्रस्ताव बनाकर वर्ल्ड बैंक को भेजा गया। इस कार्य के लिए वर्ल्ड बैंक ने अनुमति जारी करते हुए फंड के लिए स्वीकृति दे दी है। ऐसे में अब अधिकारियों ने एस्टीमेट की फाइल बनाकर शासन को स्वीकृति के लिए भेजी है।
स्याना-औरंगाबाद में संकरा है हाईवे
औरंगाबाद और स्याना नगर से होकर गुजरने के दौरान हाईवे काफी संकरा हो गया है। बताया जा रहा है कि हाईवे निर्माण के लिए स्याना में बाईपास तैयार किया जा सकता है। हालांकि अभी तक अधिकारी इस संबंध में कुछ भी साफ नहीं कर रहे हैं। पूर्व में अधिकारियों ने अधिग्रहण की आवश्यकता को खारिज कर दिया था, लेकिन सर्वे करने पर पता चला कि कई स्थानों पर हाईवे के संकरा होने के कारण जमीन अधिग्रहण की आवश्यकता होगी।
कटेंगे हरे पेड़, बनेगा टोल प्लाजा
हाईवे के चौड़ीकरण और बीच में डिवाइडर लगाने के लिए हाईवे की जद में आने वाले एक हजार से हरे पेड़ों पर भी कुल्हाड़ी चलाई जाएगी। हालांकि निर्माण शुरू होने से पहले कार्यदायी संस्था को वन विभाग से पेड़ों के कटान की अनुमति लेनी होगी। अधिकारियों के मुताबिक औरंगाबाद और स्याना के बीच में एक टोल प्लाजा भी तैयार किया जाएगा। इसके लिए कंपनी का चयन करने की तैयारी की जा रही है। इस हाईवे पर भी टोल प्लाजा बनने के बाद जिले में केवल बदायूं और अनूपशहर हाईवे ही टोल रहित रह जाएंगे।
करीब 100 करोड़ रुपये जमीन अधिग्रहण के लिए रखे गए हैं। प्रोजेक्ट की कुल लागत 851 करोड़ है, इसे शुरू करने के लिए शासन से अनुमति मांगी गई है। उम्मीद है जल्द अनुमति मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - अरवेंद्र सिंह, एई, लोक निर्माण विभाग, अलीगढ़