गांव परतापुर के निकट बृहस्पतिवार शाम एक पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने- सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोग और कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। जबकि कार सवार असावर निवासी दिल्ली पुलिस के सिपाही प्रतुल घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार बीबीनगर थाना क्षेत्र के गांव गंगावली निवासी मशकूर (55) पुत्र शराफत अपने साथी जाहिद (50) पुत्र जमशेद के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव से किसी काम के सिलसिले में गांव सैदपुर की ओर जा रहे थे। बताया गया कि जब वह गुलावठी रोड स्थित गांव परतापुर के एस्सार पेट्रोल पंप के निकट पहुंचे तो सामने से एक तेज रफ्तार कार आ रही थी। कार में थाना क्षेत्र के गांव असावर निवासी प्रवीण (28) पुत्र वेद प्रकाश व संदीप पुत्र धर्मपाल सवार थे। इस दौरान कार अनियंत्रित होकर बाइक से जा टकराई। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में कार और बाइक सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों व ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों को मामले की सूचना दी, जिसके बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। देरशाम तक तक मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी जा सकी है। वहीं, पुलिस ने चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम को भेज गहनता से जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि कार में कितने लोग सवार थे। चर्चा है कि कार में हादसे के समय कोई और भी सवार था।
दोनों वाहनों की भिड़ंत में चार लोगों की मौत हुई है। चारों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है, साथ ही अभी यह भी जांच की जा रही है कि कार में कितने लोग सवार थे।
-ध्रुव भूषण दुबे, थाना प्रभारी बीबीनगर