बुलंदशहर। नगर के डीएवी कॉलेज के मैदान में बालाजी क्रिकेट एकेडमी की ओर से चल रहे बुलंदशहर प्रीमियर लीग का आयोजन सातवें दिन रविवार को भी जारी रहा। रविवार को बुलंदशहर टाइगर्स व बुलंदशहर बुल्स और बुलंदशहर वारियर्स व बुलंदशहर शाइनिंग स्टार के बीच सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। इसमें बुलंदशहर बुल्स ने बुलंदशहर टाइगर्स को 89 रन से और बुलंदशहर वारियर्स ने बुलंदशहर शाइनिंग स्टार को दो विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। सोमवार को बुलंदशहर बुल्स और बुलंदशहर वारियर्स के बीच खिताबी भिड़ंत का मुकाबला होगा। वहीं, लकी व दानिश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
डीएवी कॉलेज के मैदान में बालाजी क्रिकेट एकेडमी के बैनरतले चल रहे बीपीएल के आठवें रीजन में सातवें दिन मैच का शुभारंभ क्रीड़ा भारती के कोच सुखदेव शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। बालाजी क्रिकेट एकेडमी के कोच एवं आयोजक मुनेश गिरी ने बताया कि लीग के पहले सेमीफाइनल में बुलंदशहर टाइगर्स के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। बुलंदशहर बुल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 197 रन बनाए। इसमें मोनी ने 52 व अमन राजपूत ने 44 रन का योगदान दिया। बुलंदशहर टाइगर्स के शेखर व अमित त्यागी ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुलंदशहर टाइगर्स की टीम 14.2 ओवर में 109 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इसमें शानू ने 34 रनों का योगदान दिया। बुलंदशहर टाइगर्स के लकी ने चार ओवर में सात रन देकर पांच विकेट लिए। बुलंदशहर टाइगर्स के लकी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। लीग के दूसरे सेमीफाइनल में बुलंदशहर शाइनिंग स्टार के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम 18 ओवर में 145 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इसमें गर्वित ने 65 रन और लवलेश ने 27 रन का योगदान दिया।
बुलंदशहर वारियर्स के दानिश ने तीन विकेट और अनुज व लकी ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुलंदशहर वॉरियर्स की टीम ने 16.2 ओवर में आठ विकेट खोकर 150 रन बनाकर दो विकेट से मैच को जीत लिया। इसमें मनीष ने 35 रन का योगदान दिया। वहीं, शाइनिंग स्टार के शानू ने तीन और विशाल व उमंग ने दो-दो विकेट लिए। बुलंदशहर वॉरियर्स के दानिश को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस दौरान जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव महेश गुप्ता, व्यायाम शिक्षक प्रो. भीष्म सिंह, चेतन चौहान, अंकित निर्मल, अरुण गुप्ता, संदीप शर्मा, राकेश गुप्ता, अनुज चौधरी, मैच के अंपायर महेंद्र सिंह व अभय सिंह आदि मौजूद रहे।