ठगी के शिकार 100 लोगों ने किया धनराशि लौटाने के लिए आवेदन
बुलंदशहर। पीएसीएल (पर्ल एग्रोटेक कॉरपोरेशन लिमिटेड) की ठगी के शिकार हुए लोगों की धनराशि लौटाने के लिए अब आवेदन किए जा रहे हैं। कलक्ट्रेट परिसर स्थित एडीएम वित्त कार्यालय में अब तक करीब सौ लोगों ने आवेदन कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि जिले के लाखों लोगों ने पीएसीएल में अपना पैसा लगाया था।
करीब 13 साल पहले जिले में पर्ल (पीएसीएल) नामक कंपनी ने अपना कार्यालय खोलकर जिले के लाखों लोगों से रियल स्टेट और खेती में रुपये लगाने का झांसा देकर धनराशि ली थी। कंपनी के प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया था कि इस धनराशि को बैंक से कम समय में दोगुना करके वापस किया जाएगा। जिले के लाखों लोगों का हजारों करोड़ रुपये लेने के बाद कंपनी ने अपना कारोबार बंद कर दिया था और फरार हो गई। मामले में बैंगलुरू में एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही सेवानिवृत्त जज लोढा से जांच कराई थी। इसके बाद सेवानिवृत्त जज लोढा ने ठगी के शिकार लोगों की धनराशि वापस करने की सिफारिश की थी। जिसके चलते अब सरकार ने इसके लिए ठगी के शिकार लोगों से आवेदन मंगाए थे। अब तक कलक्ट्रेट स्थित एडीएम वित्त कार्यालय में 87 आवेदन जमा किए गए हैं। सोमवार को भी प्रकरण में पूछताछ और आवेदन जमा करने के लिए ठगी के पीड़ित लोगों की भीड़ रही। एडीएम वित्त विवेक मिश्र ने कहा कि सरकार के निर्देश पर ठगी के पीड़ित लोगों के आवेदन लिए जा रहे हैं। अब तक 87 आवेदन प्राप्त हुए हैं। समयावधि में प्राप्त होने वाले आवेदन को सरकार को भेजा जाएगा। संवाद