शिकारपुर क्षेत्र के गांव चित्सौन स्थित विद्युत केंद्र पर हंगामा कर रहे मृतक के परिजनों से बात कर?
- फोटो : BULANDSHAHR
करंट लगने से झुलसे संविदा कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत, हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकारपुर। तीन दिन पूर्व बिजली का करंट लगने से झुलसे चित्सौन बिजली घर पर तैनात संविदा कर्मचारी की इलाज के दौरान मेरठ मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। परिजनों ने चित्सौन बिजली घर पर शव रखकर हंगामा कर मृतक के परिवार को आर्थिक मदद दिए जाने की मांग कर रहे हैं। सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव खैरपुर निवासी राजेंद्र गुप्ता चित्सौन बिजली घर पर संविदा कर्मचारी के तौर पर तैनात था। शनिवार को याकूबपुर टाउन का ट्रांसफार्मर में खराबी की शिकायत आने पर वह वहां गया था। ट्रांसफार्मर का तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया था। जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जेपी अस्पताल चिट्टा पहुंचाया गया था, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया था। परिजनों ने उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, जहां वह उपचाराधीन था। बताया कि बुधवार सुबह 8 बजे मेरठ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शाम को परिजनों ने मृतक के शव को चित्सौन बिजली घर पर रखकर हंगामा किया और मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता मुहैया कराने की मांग की। सूचना पाकर क्षेत्रीय विधायक अनिल शर्मा, एसडीएम अरविंद कुमार सिंह और सीओ वरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे परिजनों से बात की। परिजनों का कहना था कि परिवार को आर्थिक मदद मौके पर ही दी जाए। जबकि, विद्युत विभाग के कर्मचारी कंपनी द्वारा आर्थिक मदद दिए जाने की बात कह रहे थे। देर शाम तक मामले में कोई निपटारा नहीं हो सका है। परिजन अपनी मांगों पर डटे हुए हैं थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष को समझाने का प्रयास जारी है।