किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू ने किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
अनूपशहर। किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने उत्पीड़न और ट्यूबवेल पर बिजली के मीटर लगाने का विरोध किया। अधिकारियों ने किसानों को समझाकर बुझाकर बृहस्पतिवार रात प्रदर्शन समाप्त कराया। नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन टिकैत के मंडल अध्यक्ष गुड्डू प्रधान ने किया।
किसानों ने अनीवास गांव से मस्त राम घाट तक दिल्ली आंदोलन की याद में ट्रैक्टरों के साथ तिरंगा क्रांति रैली निकाली। बाबा मस्तराम समाधि पर पहुंचकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने हवन कर प्रसाद वितरित किया। इस दौरान किसानों ने भाकियू राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मदन पाल सिंह की अध्यक्षता में पंचायत की। पंचायत में किसानों ने बिजली विभाग के उत्पीड़न, जबरन बिजली मीटर लगाने, अधिक आ रहे बिजली बिल ठीक कराने, आवारा पशुओं से निजात दिलाने और चकबंदी के भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने समेत अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की। समस्याओं को लेकर पदाधिकारियों ने तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों के धरने के बाद अधिकारियों ने बिजली निगम के एक्सईएन को मौके पर बुलाकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। अधिकारियों के आश्वासन के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने देर रात धरना समाप्त कर दिया। बुलंदशहर नगर क्षेत्र में भी सीटू के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। मौके पर मानसिंह, राखी शर्मा, कुलदीप, भागेश, पवन, हरेंद्र, महाराज सिंह, ऋषिपाल, सुखराम, लाला प्रधान, पप्पू प्रधान, उमेश, पंकज, वीरेंद्र मौजूद रहे।