एमडीएम के लिए शासन से मिले 16 करोड़ रुपये
बुलंदशहर। जिले के बेसिक स्कूलों में छात्रों को मिलने वाले मिड-डे मील के लिए शासन से 16 करोड़ की धनराशि मिल गई है। करीब नौ महीने से शिक्षक अपनी जेब और उधारी से बच्चों को मध्याह्न भोजन खिला रहे थे, लेकिन अब धनराशि मिलने के बाद राहत की सांस ली है। विभागीय अधिकारी इस धनराशि को स्कूलों में भेजने की तैयारी कर रहे हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को मिड-डे-मील दिया जाता है। इसके लिए शासन ने प्रत्येक सत्र में बजट जारी होता है। प्रत्येक वर्ष 2.70 लाख बच्चों के लिए 16 करोड़ रुपये से अधिक का खर्चा जिले में होता है। वर्ष 2022-23 में मार्च से यह बजट आना था, लेकिन अब पिछले दिनों शासन ने यह बजट भेजा है। बताया गया कि शिक्षक दुकानदारों से उधार ले रहे थे, या फिर स्वयं अपने खर्चें से कर रहे थे। ऐसे में शिक्षक कर्जदार हो गए। हालांकि अब शासन ने बजट जारी कर दिया है तो यह शिक्षकों को मिल जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी वीके शर्मा ने बताया कि स्कूलों में छात्रों को मिड-डे-मील छात्र संख्या के आधार पर दिया जाता है। ऐसे में विभाग ने जो उपभोग मांगा है वह छात्र संख्या के हिसाब से होगा और इसी के माध्यम से खर्चा दिया जाएगा। यदि शिक्षक ने किसी दुकानदार से उधार लिया होगा तो उसे वहां के बिल देने होंगे। नियमानुसार ही प्रत्येक स्कूल को बजट भेजा जाएगा।