उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दर्दनाक हादसा हुआ। अगौता थाने से 100 मीटर की दूरी पर बुधवार देर रात स्कूटी और स्विफ्ट कार की आमने सामने की भिड़ंत में स्कूटी सवार दंपती समेत उनकी बेटी की मौत हो गई। जबकि, पैदल जा रहा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए है।
अगौता थाना क्षेत्र के गांव नगला शेख निवासी अंसार (34) अपनी पत्नी मुसाईदा (30) और बेटी अरीशा (6) के साथ स्कूटी से बुधवार रात अपने गांव लौट रहे थे। अगौता-सैदपुर मार्ग स्थित अगौता थाने से सौ मीटर की दूरी पर अज्ञात वाहन को बचाने के प्रयास में अगौता की ओर से तेज गति से आ रही कार ने स्कूटी को सामने से टक्कर मार दी।
जिसमें स्कूटी सवार पति पत्नी समेत बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि पैदल जा रहे जनपद लखीमपुर खीरी के गांव ढ़करवा निवासी राजाराम भी घायल हो गए। जिस कार से हादसा हुआ उसका चालक खुद बेटी अरीशा को कार से जिला अस्पताल में ले गया।
बाइक सवार राहगीर ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। हादसे की सूचना पर अगौता थाना प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दंपति को अपनी जीप में डालकर अकबरपुर रैना स्थित सीएचसी में ले गए।