एक सप्ताह से फुंके पड़े तीन ट्रांसफार्मर, 200 उपभोक्ता परेशान
चोला। क्षेत्र के गांव फतेहपुर जादौन में एक सप्ताह से फुंके पड़े गांव के तीन ट्रांसफार्मर के नहीं बदलने से करीब दो सौ उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा है। ग्रामीणों ने अफसरों से बार-बार शिकायत किए जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किए जाने का आरोप लगाया। ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की आबादी करीब साढे़ तीन हजार है। गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए विभाग द्वारा छह ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। पिछले एक सप्ताह से गांव के 25 केवीए के तीन ट्रांसफार्मर फुंके पड़े हैं। तीनों ट्रांसफार्मर से गांव के करीब 200 उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। ट्रांसफार्मर के फुंकने से पिछले एक सप्ताह से आधा गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। विद्युत आपूर्ति के ठप होने से उन्हें अपने दैनिक कार्य पूरा करने में परेशानी हो रही है। छात्र-छात्राएं पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। रात में अंधेरा पसरा रहने के कारण हर समय अनहोनी की आशंका बनी रहती है। ट्रांसफार्मर ठीक करने, बदलने के लिए उन्होंने कई बार संबंधित जेई व अन्य अफसरों से शिकायत की। हेल्प लाइन नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई गई लेकिन किसी भी स्तर पर उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए मंगलवार को ग्रामीणों ने पॉवर कॉरपोरेशन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह अनिश्चितकालीन धरना देंगे। एसडीओ बलदेव सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी कर समस्या का समाधान किया जाएगा।