सेवानिवृत फौजी के साथ 5.84 लाख की धोखाधड़ी का मामला
सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव फरीदपुर निवासी सेवानिवृत फौजी के साथ हुई 5.84 लाख की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विजय सिंह ने एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया था कि वह गत वर्ष सितंबर में भारतीय सेना से सेवानिवृत हुआ था। सिकंदराबाद स्थित बैंक में उसका खाता था। पांच दिन पूर्व वह इंटरनेट पर पेंशन के संबंध में सर्च कर रहा था। इसी दौरान उसके पास एक कॉल आई। कॉलर ने बताया कि वह दिल्ली से बात कर रहा है। पेंशन भेजने के लिए उसने उसके खाते, पेन कार्ड, पिनकोड नंबर के बारे में जानकारी ली और कहा कि मार्च तक आपके खाते में पेंशन पहुंच जाएगी। बताया कि जानकारी देने के कुछ समय बाद ही उसके मोबाइल पर आए मैसेज के माध्यम से उसे जानकारी हुई कि उसके खाते से तीन बार में 5.84 लाख रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिए गए। एसएसआई श्योपाल सिंह ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले को साइबर सेेल को स्थानांतरित कर दिया गया है।