अधिवक्ता ने वादी के साथ की मारपीट, जाति सूचक शब्दों से किया अपमानित
सिकंदराबाद। विपक्षियों से साठगांठ का विरोध करने पर अधिवक्ता ने वादी के साथ मारपीट करते हुए जातिसूचक शब्द कहे। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना ककोड़ क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी नीरज कुमार कटारिया पुत्र देवेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में उनकी पुश्तैनी कृषि भूमि है। जिसका सिकंदराबाद तहसील में विवाद चल रहा है। बताया कि उसे सूत्रों से जानकारी मिली कि उसके अधिवक्ता ने विपक्षियों के साथ साठगांठ कर धोखाधड़ी से उनकी जमीन का फैसला विपक्षियों के पक्ष में करा दिया है। जब वह इस संबंध में अपने वकील से बात करने के लिए गया तो उसने उसे जातिसूचक शब्द कहते हुए उसके साथ मारपीट की। बताया कि केस में 70 से अधिक तारीखें पड़ चुकी हैं। लेकिन, उनके वकील ने उनके पक्ष में सुनवाई के लिए एक बार भी उन्हें नहीं बुलवाया। कोतवाल दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।