सिक्योरिटी गार्ड हत्याकांड के फरार आरोपी गिरफ्तार
सिकंदराबाद। नोएडा के एसएनजी मॉल के सिक्योरिटी गार्ड के फरार हत्यारोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 14 फरवरी को हुई हत्या का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को जेल भेजा था, जबकि एक अन्य आरोपी पूर्व में ही लूट की किसी घटना में जेल में है।
बता दें कि 14 नवंबर को हाईवे-91 पर बिसलूरी बंबे के पास झाड़ियों में एक अधेड़ का शव मिला था, जिसकी पहचान जनपद इटावा के थाना बढ़पुरा क्षेत्र के गांव अजबपुर निवासी जयचंद के रूप में हुई थी। इस संबंध में जयचंद के बेटे सोनू उर्फ धर्मेंद्र ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने मोहित उर्फ नेमू पुत्र हदय अवाना निवासी असगरपुर सोनू पुत्र कर्मवीर निवासी रसूलपुर सलेमपुर बुलंदशहर के साथ मिलकर नोएडा से एक कार लूटी थी। कार प्लाजा के सामने आकर बंद हो गई। जिसके बाद उन्होंने कार खींचने के लिए गार्ड से रस्सी मांगी। गार्ड ने पुलिस को सूचना देने की चेतावनी दी। इसके बाद उन्होंने गार्ड की हत्या करके शव को इको कार में रख लिया और सिकंदराबाद क्षेत्र में फेंक दिया। निरीक्षक सतीशचंद ने बताया कि सोमवार को फरार आरोपी सोनू को मुखबिर की सूचना पर बुलंदशहर स्थित भूड़ चौराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया, जबकि आरोपी मोहित उर्फ नेमू लूट के मामले में जेल में है।