सेना में भर्ती के नाम पर ठगी के शिकार युवक ने खाया जहर, मौत
ककोड़। सेना में भर्ती के नाम पर ठगी के शिकार युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने सेना में नौकरी कर रहे आरोपी, उसकी मां, भाई को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए तहरीर दी है। पुलिस जांच के आधार पर कार्रवाई किए जाने की बात कह रही है।
ग्राम मिर्जापुर थाना रबूपुरा जनपद गौतमबुद्ध नगर निवासी देवन ने बताया कि गांव निवासी महिला की शादी ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव आजमपुर हुसैनपुर में हुई है। उसका बेटा फौज में सिपाही के पद पर तैनात हैं। मिर्जापुर में ननिहाल होने के कारण युवक अकसर फौजी की वर्दी पहनकर गांव में आता था। बताया कि उसका छोटा भाई अमित भी फौज में भर्ती के लिए तैयारी कर रहा था। बताया एक दिन उक्त फौजी की मां उनके घर आई और बताया कि उसका बेटा फौज में नौकरी लगवाता है। वह उससे अमित की नौकरी लगवाने के लिए बात करेगी। एक दिन फौजी अपनी मां, छोटे, बड़े भाई के साथ उनके घर आया। कहा कि वह अमित की नौकरी फौज में लगवा देगा। इसके लिए दस लाख रुपये का खर्च आएगा। अब बार जो भर्ती आएगी उसमें काम हो जाएगा। बताया कि करीब तीन लाख रुपये उन्होंने अपना ट्रैक्टर बेचकर उन्हें दिए। कुछ दिन बाद उसकी मां हमारे घर आई और सात दिन में काम होने की बात कहते हुए बाकी के रुपये मांगे तो हमने गांव निवासी युवक से ब्याज पर लेकर दो लाख रुपये दे दिए। उसके बाद उक्त फौजी ज्वाइनिंग लेटर लेकर उनके घर आया। और लेटर देकर उसने तीन लाख रुपये लिए। बताया कि जब उसने मृतक अपने भाई अमित के साथ मेरठ जाकर लेटर के बारे में जानकारी की तो वह फर्जी निकला। बताया कि उसने उक्त फौजी से नौकरी नहीं लगवाने पर अपने रुपये वापस मांगे तो उसने उन्हें एक-एक लाख के दो चेक दिए। और कहा कि उसके कहने पर ही चेक को खाते में लगाना। बताया कि गांव में चर्चा हो गई थी कि अमित फौज में भर्ती हो गया है। लोग उससे पूछने लगे थे कि ट्रेनिंग पर कब जाएगा। उधर उक्त फौजी ने अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर उनसे 9.40 लाख रुपये की ठगी कर ली थी। दोनों बातों को लेकर उसका भाई अमित आहत था वह मानसिक तनाव में था। इसी बात से आहत होकर 19 दिसंबर को उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। बताया कि जब अमित को उपचार के लिए खुर्जा ले जा रहे थे पूछने पर उसने बताया कि फौजी ने उसे बर्बाद कर दिया। उसके बाद उसकी आवाज बंद हो गई। हालत बिगड़ने पर उसे बुलंदशहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां 20 दिसंबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
निरीक्षक रमाकांत यादव ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
--------
फौजी व उसके दो साथियों पर पूर्व में नौकरी के नाम पर ठगी की रिपोर्ट कराई थी दर्ज
ककोड़। युवक को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले फौजी पर अपने दो साथियों के साथ मिलकर सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर पूर्व में ठगी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
थाना क्षेत्र के गांव फतहपुर निवासी शेरपाल भाटी ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि सेना में नौकरी करने वाले सिपाही ने गांव आजमपुर हुसैनपुर निवासी दानवीर सिंह ग्राम अच्छेपुर थाना रबूपुरा निवासी पुष्पेंद्र पुत्र नेत्रपाल के साथ मिलकर उससे 10,20000 रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीनों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस दानवीर सिंह, पुष्पेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।