पुलिस की मौजूदगी में पीड़ित पर फायरिंग के तीन आरोपी गिरफ्तार
सिकंदराबाद। पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल के बाहर पीड़ित पर फायरिंग करने के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने नाजायज असलाह भी बरामद किया है। नामजद आठ आरोपियों में से पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी हैं।
नगर के मोहल्ला छासियावाड़ा निवासी चांद पुत्र फारूख ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि 12नवंबर की रात वह खुर्जा रोड स्थित ग्रीन गार्डन मैरिज होम में दावत खाने के लिए गया था। रात करीब 9.45 बजे वह दावत खाकर वापस घर के लिए चला। जैसे ही वह मैरिज होम के गेट पर पहुंचा तो गेट के बाहर पहले से ही घात लगाए बैठे नगर मोहल्ला रिसालदारान निवासी सलमान फैजान, रिहान हबीब,हमीद, कादिर,ने रंजिशन पर हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गया। पुलिस उसका मेडिकल कराने के लिए उसे अस्पताल लेकर गई थी। अस्पताल के बाहर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस की मौजूदगी में उसपर फायरिंग कर दी। उसने अस्पताल में घुसकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मामले में आठ नामजद समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर नामजद आरोपी सलमान,इरफान,कादि को बुधवार की रात्रि में शाहजी डेरी से गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपी कही भागने की फिराक में लगे हुए थे। बताया कि आरोपी सलमान, इरफान से एक-एक तमंचा चार जिंदा कारतूस, कादिर से एक छुरी बरामद की गई है। पुलिस आरोपी रिहान, फैजान को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी हैं। बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही हैं। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।