बैंक लॉकर से 50 लाख के आभूषण चोरी
बुलंदशहर। जिला सहकारी बैंक के लॉकर से 50 लाख रुपये की कीमत के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने नगर कोतवाली में जिला सहकारी बैंक प्रबंधक के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
नगर की अंबा कालोनी निवासी सुधीर कुमार शर्मा ने तहरीर देकर बताया कि मोतीबाग स्थित जिला सहकारी बैंक में उनका बचत खाता है। बताया कि पत्नी डॉ. कृष्णा शर्मा, साले संजय शर्मा और सास के आभूषण जिनकी कीमत करीब 50 लाख रुपये है बैंक के लाकर में रखे थे। 16 अप्रैल 2022 को सुधीर कुमार ने बैंक प्रबंधक से पत्नी कृष्णा देवी के पैरों में परेशानी होने के कारण लॉकर दूसरी मंजिल से ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट करने के लिए आवेदन किया। बैंक प्रबंधक ने लाकर संख्या 16 के स्थान पर आठ मुहैया करा दिया। लाकर संख्या आठ में समस्त आभूषण भी उनके सामने शिफ्ट कर दिए गए। आरोप है कि गत दिनों आवश्यकता पड़ने पर वह लाकर से कुछ आभूषण लेने बैंक पहुंचे। जहां लाकर से समस्त आभूषण गायब थे। पीड़ित इस बाबत बैंक प्रबंधक से शिकायत दर्ज कराई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सुधीर कुमार ने बैंक प्रबंधक के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। नगर कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।