थाना समाधान दिवस: 19 थानों पर नहीं पहुंचा कोई फरियादी, करते रहे अफसर इंतजार
बुलंदशहर। जनपद के सभी 28 थानों पर शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। लेकिन सुबह से ही हो रही झमाझम बारिश के चलते इनमें से 19 थानों पर एक भी फरियादी नहीं पहुंचा। जबकि अन्य नौ थानों पर सिर्फ 23 शिकायतें हीं आईं, जिनमें से आठ का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए अधीनस्थों को निर्देश दिए गए।
थाना समाधान दिवस पर सुबह से ही अफसर थानों पर फरियादियों की शिकायत सुनने के लिए पहुंचे। डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने नगर कोतवाली में फरियाद सुनीं। इस दौरान कुल तीन लोग शिकायत लेकर पहुंचे। जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जबकि, एक शिकायत के निस्तारण के लिए अफसरों को निर्देश दिए गए। गुलावठी और अगौता थाना में दो-दो शिकायतें आईं, जिनका निस्तारण नहीं हो सका। ककोड़ थाने पर आईं दो शिकायतों में से एक का ही निस्तारण हो सका। स्याना में आई एक मात्र शिकायत का मौके पर ही निस्तारण किया गया। नरसेना में आई चार शिकायतों में से किसी का भी निस्तारण नहीं हुआ। खानपुर में पांच में से तीन शिकायतों का और खुर्जा देहात में आई एकमात्र शिकायत का निस्तारण किया जा सका। जबकि, खुर्जा नगर थाने में आईं तीनों शिकायतों का निस्तारण न होने पर जल्द निस्तारण का आश्वासन पीड़ितों को दिया गया।
इसके अलावा कोतवाली देहात, औरंगाबाद, महिला थाना, सिकंदराबाद, चोला, बीबीनगर, अरनिया, जहांगीरपुर, शिकारपुर, सलेमपुर, पहासू, अहमदगढ़, अनूपशहर, जहांगीराबाद, अहार, डिबाई, नरौरा, राजघाट और छतारी थाने में कोई फरियादी बारिश के चलते थाने नहीं पहुंचा। इस दौरान अफसर फरियादियों का दोपहर दो बजे तक इंतजार करते नजर आए।
बुलंदशहर। डीएम और एसएसपी ने थाना समाधान दिवस के बाद नगर कोतवाली में बारावफात एवं वाल्मिकी जयंति के तहत शांति समिति की बैठक की। बैठक में सभी समुदाय के संभ्रांत नागरिकों द्वारा प्रतिभाग किया गया। बैठक में बारावफात और वाल्मिकी जयंति के अवसर पर निकलने वाले जुलूस/शोभायात्रा को लेकर आश्वस्त किया गया। कहा कि इस वर्ष भी शान्ति एवं प्रेम, सौहार्द के वातावरण में जुलूस/शोभायात्रा निकाली जायेगी। अधिकारियों को बारावफात व वाल्मिकी जयंति के अवसर पर निकलने वाली जुलूस/शोभायात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार, एसपी सिटी सुरेन्द्रनाथ तिवारी, सीओ सिटी विकास प्रताप सिंह चौहान मौजूद रहे।