बसें चुनाव में गईं, कांवड़ लाने में शिवभक्तों को होगी परेशानी
बुलंदशहर। महाशिवरात्रि पर प्रतिवर्ष उप्र परिवहन निगम की बसों से हजारों शिवभक्त गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार रवाना होते थे। इस बार रोडवेज बसों का विधानसभा चुनाव में अधिग्रहण होने के कारण शिवभक्तों को अन्य साधन से हरिद्वार जाना होगा। बस न मिलने कांवड़ियों को मुश्किल भरा सफर करना पड़ सकता है। महाशिवरात्रि पर प्रति वर्ष रोडवेज की 60 बसों का संचालन किया जाता था।
एक मार्च को महाशिवरात्रि है और प्रतिवर्ष जिले के हजारों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लाकर भोलेनाथ पर चढ़ाते हैं। इसके लिए उप्र परिवहन निगम की बसों का एक सप्ताह पूर्व संचालन शुरू हो जाता था। इस बार बुलंदशहर डिपो में रोडवेज बसों की संख्या कम होने पर हरिद्वार के लिए बसों का संचालन करना मुश्किल हो सकता है। हालांकि विभागीय अफसर अन्य डिपो से अनुबंधित की बसों की मांग कर रहे हैं। लेकिन आसपास के सभी जनपदों की अधिकांश बसों का चुनाव में जाने के कारण समस्या हल होती नजर नहीं आ रही। नैथला निवासी शिवभक्त वरुण शर्मा ने बताया कि हरिद्वार से गंगाजल लाने के लिए तैयारियां कर ली है। टोली संग 23 फरवरी को निजी बस से रवाना होंगे। निजी बस संचालक पप्पू सिंह ने बताया कि प्रतिवर्ष शिवभक्तों को हरिद्वार छोड़ने के लिए बसें संचालित की जाती है। इस बार डिमांड अधिक आने की उम्मीद है।
कोट
68 बसें विधानसभा चुनाव में गई हुई है। मुख्यालय से कुछ बसें मांगी गई है। प्रयास है कि हरिद्वार के लिए संचालन करने को कुछ बसें मिल जाए। - धीरज सिंह पंवार, एआरएम बुलंदशहर डिपो