कोरोना से एक की मौत, 26 लोग मिले संक्रमित
बुलंदशहर। तीसरी लहर में एक और व्यक्ति की कोराना संक्रमण से मौत हो गई। जिले में अब तक 250 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, शुक्रवार को 26 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। साथ ही 58 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसके बाद जिले में एक्टिव केस की संख्या 139 हो गई है। बीबीनगर क्षेत्र निवासी 48 वर्षीय एक युवक का मेरठ में उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान कोविड जांच के लिए सैंपल लिया गया। वहीं, युवक की मौत होने के बाद कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि शुक्रवार को 21 लोगों की आरटीपीसीआर लैब से और पांच लोगों की एंटीजन किट से जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें ऊंचागांव निवासी पांच, बीबीनगर, बुलंदशहर व स्याना निवासी तीन-तीन, अनूपशहर व खुर्जा निवासी दो-दो और दानपुर, डिबाई, गुलावठी, जहांगीराबाद व पहासू क्षेत्र निवासी एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।