देवर ने विवाहिता से किया दुष्कर्म, दी हत्या की धमकी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता के साथ उसके देवर ने दुष्कर्म किया। साथ ही आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि ससुरालीजन उसे आए दिन दहेज की खातिर प्रताड़ित भी कर रहे थे। पीड़िता ने पति, देवर समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी पीड़ित विवाहिता की शादी कुछ वक्त पहले बुलंदशहर के ही दूसरे मोहल्ले के युवक से हुई थी। पीड़िता के अनुसार शादी में उसके परिजनों ने पर्याप्त दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुरालीजन उससे संतुष्ट नहीं थे और दहेज की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि बीते दिनों देवर ने उसे अकेले देखकर दुष्कर्म किया। उसके विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। बाद में उसने अपने पति एवं अन्य ससुरालीजनों को घटना के बारे में बताया तो उनके द्वारा उससे अभद्रता करते हुए जान से मार देने की धमकी दी गई। बाद में उसे ससुराल से निकाल दिया गया। नगर कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति, देवर समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।