मजदूरी कर घर लौट रहे दो श्रमिकों की हादसे में मौत
डिबाई। अलीगढ़ हाईवे पर दानपुर तेल डिपो के पास रविवार देर रात दो बाइक की भिड़ंत में एक बाइक पर सवार दो युवकाें की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक मजदूर थे और खेत से बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। जबकि, दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हायर मेडिकल सेंटर अलीगढ़ रेफर किया गया है।
दानपुर निवासी टीकम सिंह (45) पुत्र निरंजन सिंह और लोकेश (30) पुत्र लेखराज मजदूरी कर अपना व परिवार का भरण पोषण करते थे। रविवार को भी वह खेत पर मजदूरी के लिए गए थे। यहां से वह देर रात बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। उसी दौरान दौलतपुर चौकी क्षेत्र के गांव नयावांस कुतुबपुर निवासी योगेश पुत्र भूरा व देवीनगला निवासी सानू पुत्र दलवीर अलीगढ़ की ओर से अपने गांव जा रहे थे। जब टीकम और लोकेश सड़क पार कर रहे थे। तभी योगेश और सानू की बाइक से उनकी बाइक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में टीकम और लोकेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दूसरी बाइक पर सवार योगेश और सानू गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों व राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने टीकम और लोकेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि, योेगेश और सानू को प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए। हादसे के बाद से मृतकों के परिजनेां का रो-रो कर बुरा हाल है। दौलतपुर चौकी प्रभारी रूस्तम सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को रौंदा, मौत
स्याना। गढ़ रोड पर रविवार देर रात अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार व्यक्ति को रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मोहल्ला कैतवाला निवासी शौकिन पुत्र रफीक रविवार रात किसी काम से साइकिल लेकर कहीं गया था। जहां से वह देर रात वापस लौट रहा था। बताया गया कि इसी दौरान गढ़ रोड पर पीआईसी कालेज के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसको टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचित कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। थाना प्रभारी जेके सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।