पांच संस्कृत विद्यालयों में छात्रावास और बिल्डिंग के लिए मिलेंगे ढाई करोड़
बुलंदशहर। जिले के पांच संस्कृत विद्यालयों में छात्रावास और भवन निर्माण के लिए 2.50 करोड़ रुपये का डिमांड प्रस्ताव बनाकर जिला विद्यालय निरीक्षक ने संस्कृत माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेज दिया है। उम्मीद है कि जल्द ही पैसा मंजूर हो जाएगा।
संस्कृत माध्यमिक विद्यालय शिक्षा परिषद ने जिला विद्यालय निरीक्षक से ऐसे विद्यालयों का प्रस्ताव मांगा था, जहां पर छात्रावास निर्माण के लिए पर्याप्त जगह है। इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने पांच संस्कृत विद्यालयों का चयन कर उनका प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। इन विद्यालयों में छात्रावास और अन्य भवन निर्माण के लिए 2.50 करोड़ की राशि मांगी गई है। प्रत्येक विद्यालय पर 50-50 लाख रुपये की राशि खर्च किए जाने का प्रावधान है। प्रस्ताव के साथ प्रत्येक विद्यालय में छात्रों और शिक्षकों की संख्या भी भेजी गई है।
जनपद में संचालित नौ संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों में सबसे अधिक पांच विद्यालय खुर्जा में हैं। इनमें लक्ष्मणदास यजुर्वेद संस्कृत महाविद्यालय खुर्जा, सनातन धर्म माध्यमिक विद्यालय खुर्जा, मनीषी संस्कृत माध्यमिक विद्यालय खुर्जा, गंगा सागर ट्रस्ट संस्कृत विद्यालय खुर्जा और एनआर संस्कृत माध्यमिक विद्यालय खुर्जा शामिल है। कभी खुर्जा में संस्कृत का डंका बजा करता था। यहां पर देश-विदेश से भी छात्र संस्कृत की पढ़ाई करने आते थे। उपेक्षा के चलते इन विद्यालयों की स्थिति खराब होती गई। इन पांचों विद्यालयों में छात्र संख्या 543 ही है।
इन पांच विद्यालयों में होगा काम
- सावेद संस्कृत महाविद्यालय नरबर नरौरा।
- लक्ष्मणदास यजुर्वेद संस्कृत महाविद्यालय खुर्जा।
- भिक्षानंद संस्कृत माध्यमिक विद्यालय बुलंदशहर।
- देववाणी संस्कृत माध्यमिक विद्यालय पहासू।
- सनातन धर्म माध्यमिक विद्यालय खुर्जा।
प्रस्ताव बनाकर भेज दिया
जिले के पांच संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों में छात्रावास और अन्य भवन निर्माण की शासन की ओर से पहल की गई है। जिले के पांच संस्कृत विद्यालयों का चयन कर ढाई करोड़ का डिमांड प्रस्ताव बनाकर संस्कृत माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेज दिया है।
- शिव कुमार ओझा, जिला विद्यालय निरीक्षक