बेकाबू कार की टक्कर से वृद्ध की मौत
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव रौंडा के पास सड़क किनारे खड़े वृद्ध को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शुक्रवार शाम को कोतवाली क्षेत्र के गांव भिरौली निवासी राजकुमार त्यागी (65) भतीजे व पौत्र के साथ दोस्त को लेने रौंडा स्कूल के पास गए थे। स्कूल के पास ही बुलंदशहर की ओर से तेज गति से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार चालक फरार हो गया। मौके पर मौजूद घायल वृद्ध के परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल भेज दिया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान राजकुमार की मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी जहांगीराबाद राजीव सक्सेना का कहना है कि मृतक के पुत्र बृजेश की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।