छात्राएं साहस, बुद्धि और विवेक से करें कठिन परिस्थितियों का मुकाबला
खानपुर। छात्राओं को किसी भी कठिन परिस्थिति से डरना नहीं है। साहस, बुद्धि और विवेक के साथ किसी भी कठिन परिस्थितियों का मुकाबला किया जा सकता है। आने वाली प्रत्येक विपत्ति का सामना हम अपनी मजबूत इच्छाशक्ति से कर सकते हैं। महिलाएं अब अबला नहीं सबला बनकर समाज में अपना प्रतिनिधित्व कर रहीं हैं। उसी प्रकार हमें भी अपने आत्मबल के साथ अपने कार्य का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। यह बातें अपराजिता और मिशन शक्ति के तहत आयोजित कार्यक्रम में थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने कहीं।
मंगलवार को नगर के वीरांगना अवंती बाई महाविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ थाना प्रभारी नरेश शर्मा व विद्यालय के डायरेक्टर विनोद राजपूत ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में छात्राओं को ताइक्वांडो का प्रशिक्षण भी दिया गया। ताइक्वांडो प्रशिक्षक कुलदीप राजपूत ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। उन्होंने बताया कि छात्राएं विषम परिस्थितियाें में हौसला न हारें। पेन, कड़ा, बैग आदि के सहारे भी आत्मरक्षा की जा सकती है। इसके अलावा अलावा उन्होंने छात्राओं को अपर किक, लोअर किक समेत पंच के विभिन्न प्रकार बताए। वहीं, प्रभारी निरीक्षक नरेश शर्मा ने कहा कि अब चुप रहकर कोई भी अपराध सहना नहीं है। प्रत्येक घटना की जानकारी अपने परिजनों के द्वारा पुलिस तक अवश्य पहुंचाए, जिससे महिला संबंधी अपराध पर नकेल कसी जा सके। उन्होंने छात्राओं को डायल 112, महिला हेल्प लाइन 1090 और थानों में खुले महिला हेल्प डेस्क की जानकारी दी। विद्यालय के डायरेक्टर विनोद राजपूत ने भी छात्राओं को प्रत्येक कठिन परिस्थिति से लड़ने का आत्मबल दिया। इस मौके पर छात्राओं ने नारी उत्थान के लिए कार्य करने की शपथ भी ली। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक शिवदत्त शर्मा, विनोद कुमार विद्यालय की निदेशक आरती दीप, प्रधानाचार्य विजय पाल सिंह, प्रवक्ता अशोक राजपूत, नीतीश शर्मा, योगिता राणा, प्रवेश राजपूत, शिवकुमार सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
अंशु - समाज में फैली प्रत्येक कुरीति का हमें डटकर सामना करना है। साथ ही अपने हक की आवाज उठाते रहना है
आशू वर्मा - कार्यक्रम के दौरान हम सभी को बहुत कुछ सीखने को मिला है। जिसके बाद में अपनी साथी सहेलियों और परिजनों को भी जानकारी देकर अवगत कराएंगे।
पूजा - हमें अपने कर्तव्यों का बोध करते हुए समाज में अग्रणी भूमिका निभानी है और एक सशक्त समाज की अवधारणा को सिद्ध करना होगा।
निशू चौहान - हम अपनी पेन या बैग में रखी किसी भी वस्तु को सुरक्षा के लिए हथियार बना सकते हैं। अपराधियों से डरें नहीं, बल्कि उनका डट कर सामने करेंगे।
पूनम - महिलाओं के लिए डायल 112, 1090 और महिला हेल्प डेस्क की विस्तृत जानकारी मिली है। जिसके बारे में अन्य लोगों को भी बताऊंगी।
प्रियंका - हमारी कोई साथी यदि मुसीबत में फंसती है तो अब उसकी मुसीबत से खुद को दूर नहीं करेंगे। बल्कि उसके साथ मिलकर मुसीबत का डटकर सामना करेंगे।